ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

मुख्य बाजार में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में चार बड़े शोरूम को निशाना बनाकर लगभग 10 लाख रुपये की नगदी पर किया हाथ साफ

चोरी की  घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड,व्यापारियों में भारी आक्रोश

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जनपद में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला रुद्रपुर की मुख्य बाजार से सामने आया है, जहां बेखौफ चोरों ने एक ही रात में चार बड़े शोरूम को निशाना बनाकर लगभग 10 लाख रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

जानकारी के अनुसार रविवार देर रात मुख्य बाजार स्थित मटके वाली गली में चोरों ने रेड चीफ, स्पाईकर, ब्लैकबेरी और रिपब्लिक ग्लोबल शोरूम में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोर पड़ोस की एक दुकान की छत के रास्ते अंदर घुसे और फिर चारों शोरूम के गल्लों में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।

सोमवार सुबह जब शोरूम संचालक दुकानें खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकानों के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारी मौके पर जुट गए और बाजार में हड़कंप मच गया।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

चोरी की यह पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में तीन युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दे रहे हैं, जो गल्लों से नकदी निकालकर थैलों में भरते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

व्यापारियों में नाराजगी

एक साथ चार शोरूम में चोरी की घटना के बाद व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

वहीं सीओ दौलत राम वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 11 मई 2026
error: Content is protected !!