ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

ऑस्ट्रेलिया से 15 भारतीय डिपोर्ट, चार्टर्ड फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे; वीजा उल्लंघन और आपराधिक गतिविधियां बनी वजह

ऑस्ट्रेलिया ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 15 भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट कर दिया। सभी को एक विशेष चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे लाया गया, जहां पहुंचते ही उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। इनमें से 9 लोग पंजाब, जबकि अन्य हरियाणा, उत्तराखंड और तेलंगाना के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार, डिपोर्ट किए गए लोगों की उम्र 25 से 45 वर्ष के बीच है। पंजाब पुलिस की टीम एयरपोर्ट से ही अपने राज्य के नौ लोगों को साथ ले गई। बताया जा रहा है कि इन लोगों को वीजा नियमों का उल्लंघन, आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने और ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के साथ असहयोग के कारण वापस भेजा गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, 15 में से केवल 2 लोगों के पास वैध पासपोर्ट थे, जबकि बाकी को भारत भेजने के लिए ऑस्ट्रेलिया स्थित भारतीय दूतावास ने ‘इमरजेंसी सर्टिफिकेट’ जारी किए, जो सिर्फ एकतरफा यात्रा के लिए मान्य होते हैं।
इन लोगों को वापस भेजने के लिए ‘नौरू एयरलाइंस’ के विशेष चार्टर्ड विमान का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों के अनुसार, कुछ लोगों का व्यवहार असहयोगपूर्ण होने के कारण सामान्य यात्री उड़ानों से भेजना जोखिम भरा था। इसलिए इस फ्लाइट में अतिरिक्त सुरक्षा बल, मेडिकल स्टाफ और एस्कॉर्ट टीम को तैनात किया गया।
डिपोर्ट से पहले इन भारतीयों को ऑस्ट्रेलिया के विभिन्न इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर—योंगा हिल (पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया), मेलबर्न (विक्टोरिया) और विलावुड (न्यू साउथ वेल्स)—में रखा गया था।
इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि सरकार इस बात की जांच करेगी कि इन लोगों के दस्तावेज कैसे बने और किसने उनकी मदद की। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार उनकी सम्मानजनक वापसी और समाज में पुनर्वास सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन कारणों पर भी काम करेगी, जिनकी वजह से उन्हें विदेश पलायन करना पड़ा।
भारत पहुंचने के बाद इन लोगों को शुरुआती सहायता जैसे नकद मदद, घर तक पहुंचाने की व्यवस्था और अस्थायी ठहरने की सुविधा दिए जाने की संभावना है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 25 अप्रैल 2026
error: Content is protected !!