ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

बकरीद से पहले हल्द्वानी की बकरा मंडी गुलजार, 5 हजार से 2 लाख तक बिक रहे बकरे

हल्द्वानी।  ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर बाजारों में रौनक चरम पर पहुंच गई है। शहर की लाइन नंबर-8 स्थित बकरा मंडी इन दिनों खरीदारों से खचाखच भरी हुई है। 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व के लिए लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार बकरा, दुमबा और भैंस की खरीदारी में जुटे हैं। मंडी में उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों से आए विक्रेताओं ने डेरा जमाया हुआ है।

इस बार मंडी में 5 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक के बकरे बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। खास तौर पर ‘बर-बरे’ नस्ल के बकरों की मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है। वहीं राजस्थान से लाई गई ‘जयपुरी’ बकरों की जोड़ी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जिसकी कीमत 85 हजार रुपये बताई जा रही है।

विक्रेताओं का कहना है कि इन खास नस्ल के बकरों को तैयार करने में करीब दो साल का समय लगता है। उनकी बेहतर सेहत के लिए ड्राई फ्रूट्स, देसी चना, शरबती गेहूं, घी, दूध और ताजा मक्खन जैसी पौष्टिक चीजें खिलाई जाती हैं। मौसम के अनुसार उनकी डाइट में बदलाव भी किया जाता है।

इस्लामिक मान्यताओं के अनुसार, ईद-उल-अजहा हज़रत इब्राहिम की अल्लाह के प्रति कुर्बानी और समर्पण की याद में मनाई जाती है। इसी परंपरा के तहत मुस्लिम समाज में कुर्बानी दी जाती है।

हालांकि इस बार महंगाई का असर मंडी में साफ नजर आ रहा है। विक्रेताओं का कहना है कि बकरों की परवरिश और रखरखाव का खर्च काफी बढ़ गया है, जबकि खरीदार ऊंची कीमतों के चलते सोच-समझकर खरीदारी कर रहे हैं।

स्थानीय निवासी आदिल ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार बकरों के दाम काफी बढ़ गए हैं, जिससे मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, बनभूलपुरा क्षेत्र का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

You missed

error: Content is protected !!