पहाड़पानी इंटर कॉलेज में नव निर्मित भवन का लोकार्पण, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जनता दरबार में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
“जनता दरवार लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्या अधिकारियो को दिए ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश”
शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर जोर, अधिकारियों को सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश
भीमताल। धारी ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पहाड़पानी में नव निर्मित भवन का लोकार्पण कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। भवन निर्माण के बाद विद्यालय में कक्षा-कक्षों और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी, जिससे छात्र-छात्राओं को बेहतर अध्ययन वातावरण मिल सकेगा।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि विद्यालय में पर्याप्त कक्ष और प्रयोगशाला न होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों और अभिभावकों की मांग पर भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कराई गई थी, जिसका कार्य अब पूर्ण हो चुका है। लोकार्पण अवसर पर ग्रामीणों ने मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है ताकि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में दो दर्जन से अधिक इंटर कॉलेजों और हाई स्कूलों के भवनों का निर्माण कार्य संचालित किया जा रहा है।
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मंत्री ने जनता दरबार लगाकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भवाना आर्य, मंडल अध्यक्ष कृष्णा मेलकानी, ललित मोहन शर्मा, डी.के. आर्य, बीडीसी सदस्य अनिल कुमार, प्रकाश चंद्र, विवेक डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


