ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में मुखानी पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को 121.95 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हीरो डेस्टिनी स्कूटी संख्या UK 04 AG 9041 को भी सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों, SOG नैनीताल और ANTF को नशे की तस्करी के खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में और प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में मुखानी पुलिस एवं SOG की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।

अटल पार्क के गेट के सामने पकड़ा गया तस्कर

पुलिस टीम ने 20 अगस्त 2026 को मुखानी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चंबल पुल के पास अटल पार्क के गेट के सामने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 121.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित आर्य पुत्र राजेंद्र कुमार, निवासी बागजाला, गोलापार, थाना काठगोदाम, जिला नैनीताल, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।

NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली मुखानी में एफआईआर संख्या 134/2026 दर्ज की है। मामले में धारा 8/21/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद 121.95 ग्राम स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो डेस्टिनी स्कूटी संख्या UK 04 AG 9041 को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नशे के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद होने के बाद पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे हल्द्वानी तथा आसपास के क्षेत्रों में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस आरोपी के संभावित नशा तस्करी नेटवर्क और उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है।

नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें :  रामनगर में पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग करने वाला वांछित आरोपी चंदन सागर गोली लगने से गिरफ्तार

You missed

error: Content is protected !!