रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच शनिवार देर शाम जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर कई राउंड फायरिंग करने वाले आरोपी चंदन सागर को जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 252/2026 में वांछित चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 15 अगस्त को रामनगर पुलिस की टीम वांछित आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में दबिश दे रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मामले में वांछित चंदन सागर पुत्र स्वर्गीय छत्रपाल सिंह निवासी शिवलालपुर लूटाबड़ अपने घर पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पहुंची, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही चंदन सागर मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया। पीछा करते हुए जब पुलिस टीम हाथीडगर स्थित फॉरेस्ट चौकी के पास पहुंची तो आरोपी ने अपने पास मौजूद तमंचे से पुलिस पर एक राउंड फायर झोंक दिया और मालधन की ओर भाग निकला।
घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। संयुक्त टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को 64 नंबर गेट से मालधन जाने वाली सड़क के जंगल क्षेत्र में घेर लिया।
खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए जान से मारने की नीयत से दो और राउंड फायर किए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लग गई। गोली लगते ही वह पास के एक पेड़ के नीचे गिर पड़ा और घायल होने की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस कर्मियों ने तत्काल घायल आरोपी को सरकारी वाहन से संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार बरामद कर लिया है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
चंदन सागर पुत्र स्व. छत्रपाल सिंह
निवासी: शिवलालपुर लूटाबड़, कोतवाली रामनगर, जनपद नैनीताल
नैनीताल पुलिस का संदेश:
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तथा पुलिस टीम पर हमला करने वाले किसी भी अपराधी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।










