स्कॉलर्स एकेडमिक होम विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह में गूंजे देशभक्ति के स्वर विद्यार्थियों को बताया देश का कर्णधार
हल्द्वानी। स्कॉलर्स एकेडमिक होम विद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राष्ट्रप्रेम के भाव से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को देश का कर्णधार बताते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक के.के. भट्ट, प्रधानाचार्या श्रीमती प्रसून भट्ट, उप प्रधानाचार्या श्रीमती गायत्री खरका एवं शैक्षणिक निदेशक श्रीमती नीमा लोहनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मां सरस्वती की वंदना की गई। समारोह में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों की खूब वाहवाही बटोरी और पूरा विद्यालय परिसर भारत माता के जयघोष तथा देशभक्ति के स्वरों से गूंज उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक के.के. भट्ट ने विद्यार्थियों में नया जोश और उत्साह भरते हुए कहा कि आजादी केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी अपनी मेहनत, नवाचार, प्रतिभा और अटूट निष्ठा के माध्यम से भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का आह्वान किया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रसून भट्ट का संबोधन रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी की रक्षा केवल देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन कर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के प्रति समर्पण और हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की दृढ़ इच्छा ही सच्ची देशभक्ति है।
प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सच्चा देशभक्त वही है, जो अनुशासन का पालन करे, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहे और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझे। उन्होंने कहा कि ज्ञान और शिक्षा ही वह शक्ति है, जिसके बल पर भारत को विश्व गुरु के रूप में स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और देश के अमर शहीदों के योगदान को भी याद किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। इसलिए नई पीढ़ी का दायित्व है कि वह देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए जलपान एवं मिष्ठान वितरण की व्यवस्था की गई।
मिष्ठान वितरण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।










