हल्द्वानी (चोरगलिया)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चोरगलिया में देशभक्ति और उत्साह के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन देशप्रेम का वातावरण बना रहा तथा घर-घर तिरंगा और वंदेमातरम् की गूंज सुनाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या तनुजा जोशी के नेतृत्व में निकाली गई भव्य तिरंगा रैली से हुआ। रैली के माध्यम से छात्राओं ने देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या तनुजा जोशी ने समस्त विद्यालय परिवार को नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ दिलाई और समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका दीप्ति जोशी ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को इनके इतिहास और गरिमा से अवगत कराया। वहीं शिक्षिका रेखा आर्या ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के इतिहास, उसके रंगों के महत्व तथा स्वतंत्रता संग्राम में उसकी भूमिका की विस्तृत जानकारी दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्राओं ने कविता पाठ, प्रेरक प्रसंग, भाषण, नाटक एवं रंगारंग नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। छात्राओं की प्रस्तुतियों में देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिले।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्या तनुजा जोशी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।
कार्यक्रम का सफल संचालन कंचन जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया गया।
समारोह में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने को मिला।










