ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

अंग्रेजों के द्वारा बसाया गया छोटा विलायती लंदन से मशहूर सरोवर नगरी नैनीताल को बचाने के लिए उतरे मां नयना देवी मां व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन माल रोड पर धरना प्रदर्शन 

एक वर्ष से चल रहे ट्रीटमेंट कार्य पर उठाए सवाल, निर्माण कार्य की पारदर्शी जांच और समयबद्ध पूरा करने की मांग

 रिपोर्टर : गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। अंग्रेजों द्वारा बसाई गई और “छोटा विलायती लंदन” के नाम से प्रसिद्ध सरोवर नगरी नैनीताल को बचाने की मांग को लेकर रविवार को माँ नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए। लोअर माल रोड के ट्रीटमेंट कार्य में लगातार हो रही देरी और शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

धरना शुरू करने से पूर्व पुनीत टंडन ने माल रोड पर माथा टेककर माँ पाषाण देवी को नमन किया और इसके बाद धरना स्थल पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से लोअर माल रोड का कार्य जारी है, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया जा सका है। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धरने के दौरान पुनीत टंडन ने प्रशासन को दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होती और निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का स्पष्ट रोडमैप सामने नहीं आता, तब तक वह धरने से नहीं उठेंगे। उन्होंने कहा कि नैनीताल की जीवनरेखा मानी जाने वाली मॉल रोड की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

टंडन ने मॉल रोड पर बढ़ती दरारों को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “अगर मॉल रोड ढही तो मैं तालाब में कूद जाऊंगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी से शहर की छवि प्रभावित हो रही है और पर्यटन व्यवसाय को भी नुकसान पहुंच रहा है।

उन्होंने मांग की कि लोअर माल रोड के निर्माण कार्य में देरी के कारणों को सार्वजनिक किया जाए तथा यह बताया जाए कि कार्य कब तक पूरा होगा। साथ ही उन्होंने पूरे प्रोजेक्ट की पारदर्शी जांच कराए जाने और अब तक हुए खर्च का पूरा ब्यौरा जनता के सामने रखने की भी मांग की।

धरना स्थल पर मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भी लोअर माल रोड का कार्य शीघ्र पूरा किए जाने की मांग का समर्थन किया। उनका कहना था कि नैनीताल की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल लोअर माल रोड लंबे समय से बंद रहने के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिसका सीधा असर पर्यटन और स्थानीय व्यापार पर पड़ रहा है।

फिलहाल पुनीत टंडन के अनशन को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन इस मुद्दे ने एक बार फिर लोअर माल रोड निर्माण कार्य और उसकी धीमी प्रगति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल पुलिस ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगे को दी सलामी; पुलिस अधिकारियों और जवानों को मिला सम्मान

You missed

error: Content is protected !!