ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। पुलिस परिवार की एकजुटता, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और महिलाओं के उत्साहवर्धन के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस द्वारा शनिवार को हल्द्वानी स्थित मधुबन वाटिका में भव्य “हरियाली तीज महोत्सव” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिला कर्मियों, गृहणियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सावन पर्व की खुशियों को साझा किया।

महोत्सव की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुई, जहां कार्यक्रम में पहुंचे सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत हरे-भरे पौधे भेंट कर किया गया। साथ ही पारंपरिक श्रृंगार के प्रतीक गजरे पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में जिला जज नैनीताल की पत्नी  मीनाक्षी जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत,  उर्मिला पींचा, जिला क्रीड़ाधिकारी श्रीमती निर्मला पंत, शिक्षाविद एवं एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभा पंत तथा महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी की डॉ. रश्मि पंत सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम की मुख्य आयोजक डॉ. नंदिता अरकेल रहीं, जबकि आयोजन समिति में  विनीता जगदीश चौधरी एवं  रीतू कत्याल शामिल रहीं। सभी अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका भी निभाई।

महोत्सव में पारंपरिक सावन झूला आकर्षण का केंद्र रहा। महिलाओं, बच्चों और अतिथियों ने झूलों का आनंद लेते हुए तीज पर्व की उमंग को जीवंत किया। इसके अलावा तीज क्वीन प्रतियोगिता, सोलो डांस, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। तीज क्वीन प्रतियोगिता में रैंप वॉक, क्विज और रैंडम सॉन्ग डांस जैसे विशेष राउंड आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं में विजेताओं ने शानदार प्रदर्शन किया। सोलो डांस प्रतियोगिता में मीनाक्षी प्रथम, आरती द्वितीय और जानकी भंडारी तृतीय स्थान पर रहीं। तीज क्वीन प्रतियोगिता में भावना पांडे ने प्रथम, शिवांगी जोशी ने द्वितीय और शीला मेहता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बसंती पुजारी प्रथम, पुष्पा टम्टा द्वितीय तथा गीता चौहान तृतीय स्थान पर रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता में अंजू भंडारी प्रथम, सुनीता बेनी द्वितीय और सीनू तृतीय रहीं, जबकि रंगोली प्रतियोगिता में आराध्या ने पहला, दीपा त्रिलोकी ने दूसरा और रेनू अधिकारी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन महिला उपनिरीक्षक कुमकुम धनिक एवं श्रीमती शालिनी मेहता ने किया। समापन अवसर पर मुख्य आयोजक डॉ. नंदिता अरकेल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों और पारिवारिक एकजुटता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में भी इस प्रकार के आयोजन कराने की इच्छा व्यक्त की।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में एसपी संचार रेवाधर मठपाल (नोडल अधिकारी), सीओ नैनीताल अंजना नेगी (सहायक नोडल अधिकारी), प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, प्रभारी महिला हेल्पलाइन सुनीता कुंवर, पीआरओ हेमा ऐठानी, प्रभारी साइबर सेल नीशू गौतम सहित पूरी आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिस परिवारजनों ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए पर्व का भरपूर आनंद लिया।

यह भी पढ़ें :  स्कॉलर्स एकेडमिक होम में गूंजे देशभक्ति के स्वर, विद्यार्थियों को बताया राष्ट्र का कर्णधार

You missed

error: Content is protected !!