नैनीताल। ललित मोहन रयाल ने महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मल्लीताल स्थित ब्रॉडवे होटल के खिलाफ सख्त कदम उठाए।
संयुक्त निरीक्षण के बाद होटल पर कुल 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि जल संस्थान ने होटल का पानी का कनेक्शन भी काट दिया।
टण्डन परिवार और डण्डरियाल परिवार समेत स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि मल्लीताल क्षेत्र स्थित ब्रॉडवे होटल की पानी की टंकियों से लगातार ओवरफ्लो हो रहा पानी उनके घरों तक पहुंच रहा है, जिससे सीलन और गंदगी की समस्या बढ़ती जा रही है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि ब्रॉडवे होटल और नीलम राज होटल की ओर से रास्ते में गंदगी फैलाई जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग, जल संस्थान, पर्यटन विभाग और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए। शुक्रवार को हुई जांच में शिकायत सही पाई गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ब्रॉडवे होटल की छत पर लगी टंकी से लगातार पानी बह रहा था और पानी का दुरुपयोग किया जा रहा था।
कार्रवाई के तहत जल संस्थान ने होटल का जल संयोजन तत्काल प्रभाव से विच्छेदित करते हुए 5 हजार रुपये का चालान किया। वहीं पर्यटन विभाग ने 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया और नगर पालिका ने गंदगी फैलाने पर 1 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार नैनीताल अक्षय भट्ट, जल संस्थान के सहायक अभियंता, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक तथा पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

