एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत कड़ा एक्शन
राजपुरा क्षेत्र में लूट का 24 घंटे के भीतर खुलासा, 02 अभियुक्त गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल व नकदी बरामद
24 घंटे में लूटकांड का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के “ऑपरेशन प्रहार” में हल्द्वानी पुलिस की बड़ी सफलता
हल्द्वानी। राजपुरा क्षेत्र में मोबाइल और नकदी लूट की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 को चमोली निवासी कुशल सिंह ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने उनसे मोबाइल फोन और ₹2500 की नकदी लूट ली। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक संजीत राठौर को सौंपी गई।
घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी करते हुए दो आरोपियों मोहम्मद कासिम और शारिक अंसारी उर्फ पन्ना की पहचान की। पुलिस ने 23 मई 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया itel कंपनी का मोबाइल फोन और ₹1650 नकद बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। कासिम के खिलाफ पूर्व में लूट का मुकदमा दर्ज है, जबकि शारिक पर मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
मोहम्मद कासिम निवासी बनभूलपुरा, हल्द्वानी
शारिक अंसारी उर्फ पन्ना निवासी गांधीनगर पुलिया के पास, बनभूलपुरा
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

