ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

प्रेम प्रसंग में प्रेमिका के सामने युवक की पीट-पीटकर हत्या, प्रेमिका ने फोन बुलाया था, दोस्त गंभीर रूप से घायल; क्षेत्र में तनाव

उत्तराखंड के टिहरी जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना लंबगांव क्षेत्र के अंतर्गत प्रतापनगर के खोलगढ़ गांव में प्रेम प्रसंग के चलते 18 वर्षीय युवक की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस हमले में युवक का एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार जिला अस्पताल बौराड़ी में चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।

मृतक के पिता धनपाल लाल निवासी देवल गांव ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे उनके पुत्र कीर्तन को खोलगढ़ गांव की एक युवती के फोन से कॉल कर बुलाया गया था। आरोप है कि प्रेम संबंधों से नाराज युवती के पिता ने अपनी बेटी के साथ मिलकर कीर्तन और उसके दोस्त दिवाकर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि हमले के बाद दोनों युवक पूरी रात गंभीर हालत में मौके पर ही पड़े रहे। सोमवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और कीर्तन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौंड ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दिवाकर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बौराड़ी रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  कुमाऊं विश्वविद्यालय की क्रीड़ा परिषद बैठक संपन्न, खिलाड़ियों को मेडल व ट्रैक सूट से किया सम्मानित

You missed

error: Content is protected !!