ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कोसी नदी से महिला का शव बरामद, 3 दिन से लापता खष्टी देवी की मौत से गांव में मातम

रानीखेत। तीन दिन से लापता एक महिला का शव कोसी नदी में मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार सुनियाकोट गांव निवासी हरीश मेहरा की 43 वर्षीय पत्नी खष्टी देवी 4 जून से लापता थीं। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी तलाश की तथा रिश्तेदारों के यहां भी जानकारी जुटाई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

शनिवार को ग्रामीणों ने द्वारसों-काकड़ीघाट रोड स्थित पुल के नीचे कोसी नदी में एक शव उतराता देखा। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान खष्टी देवी के रूप में की। इसके बाद ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह परिहार ने पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दी।

एसआई फिरोज खान और नायब तहसीलदार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं।

ग्राम प्रधान के अनुसार खष्टी देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। उनके पति नैनीताल के एक होटल में कार्यरत हैं। परिवार में एक पुत्र विदेश में नौकरी करता है, जबकि बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है और दो बेटियां पढ़ाई कर रही हैं।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शाम को काकड़ीघाट स्थित श्मशान घाट में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया।

कोतवाल भुवन जोशी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव

You missed

error: Content is protected !!