ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। सीमा सड़क संगठन (BRO) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बुधवार तड़के उत्तराखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जिलों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से संबंधित विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, CBI की अलग-अलग टीमों ने मुनस्यारी, पिथौरागढ़, नैनीताल, हरिद्वार और देहरादून में कई कार्यालयों, आवासों और कैंप कार्यालयों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान निर्माण कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड, कंप्यूटर, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की गई। कई अहम दस्तावेज और रिकॉर्ड भी CBI ने अपने कब्जे में लिए हैं।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सीमा सड़क संगठन के निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय गड़बड़ियों और अनियमितताओं की जांच के तहत की गई है। CBI इस मामले की लंबे समय से जांच कर रही थी और प्राथमिक जांच में मिले इनपुट के आधार पर एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की गई।

जानकारी के मुताबिक, कुमाऊं रेंज के मुनस्यारी, पिथौरागढ़ और नैनीताल में CBI की देहरादून टीम ने कार्यालयों, आवासों और कैंप कार्यालयों की तलाशी ली, जबकि हरिद्वार और देहरादून में बाहरी राज्यों से आई CBI टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय पुलिस का सहयोग भी लिया गया।

फिलहाल CBI की कार्रवाई जारी है और एजेंसी जब्त किए गए दस्तावेजों व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। अभी तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें :  स्कूल में बड़ा हादसा: कक्षा में पढ़ाई के दौरान छत का पंखा गिरा, दो छात्र घायल
error: Content is protected !!