ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एवं धार्मिक श्री नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित करने के लिए विधायक सरिता आर्या एवं श्री राम सेवक सभा का प्रतिनिधिमंडल देहरादून पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें सपत्नीक महोत्सव के उद्घाटन एवं पूजा-अर्चना कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

श्री राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने बताया कि संस्था की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को विधिवत निमंत्रण पत्र सौंपा गया। इस दौरान महोत्सव के कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन भी मुख्यमंत्री से करवाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी को भी श्री नंदा देवी महोत्सव के धार्मिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के लिए आमंत्रित किया।

इसके अलावा विधायक सरिता आर्या ने देहरादून में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तथा पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल से मुलाकात कर उन्हें भी श्री नंदा देवी महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

16 से 23 सितंबर तक चलेगा महोत्सव

इस वर्ष श्री नंदा देवी महोत्सव का आयोजन 16 सितंबर से 23 सितंबर तक किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ 16 सितंबर को पंचमी पर्व के अवसर पर होगा, जबकि 19 सितंबर को अष्टमी पर्व मुख्य धार्मिक आयोजनों में प्रमुख रहेगा। महोत्सव को लेकर श्री राम सेवक सभा की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

महोत्सव की महत्वपूर्ण धार्मिक परंपराओं के तहत कदली वृक्ष के चयन की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। कदली वृक्ष के चयन से लेकर नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं के निर्माण और धार्मिक अनुष्ठानों तक महोत्सव से जुड़ी परंपराओं का विशेष महत्व माना जाता है।

धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख केंद्र है महोत्सव

नैनीताल का श्री नंदा देवी महोत्सव कुमाऊं की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रमुख पर्व है। महोत्सव में स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। नंदा-सुनंदा की पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान श्री राम सेवक सभा के सदस्य हरीश राणा एवं सभासद आनंद बिष्ट भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री को निमंत्रण दिए जाने के बाद अब महोत्सव के आयोजन को लेकर तैयारियां और तेज होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें :  ग्राम प्रधानों ने सीडीओ के सामने उठाईं 10 सूत्रीय मांगें, पंचायतों को अधिकार और संसाधन देने की मांग

You missed

error: Content is protected !!