आल सेंट्स स्कूल के कर्मचारी के रूप में हुई पहचान, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; लगातार दूसरे दिन झील से शव मिलने पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रिपोर्टर: गुड़्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध नैनीझील से लगातार दूसरे दिन एक शव मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह माँ नैना देवी मंदिर एवं एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर के समीप झील में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7:22 बजे किसी स्थानीय व्यक्ति ने डायल 112 पर फोन कर झील में शव दिखाई देने की सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसआई दिनेश जोशी के नेतृत्व में मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला।
तलाशी के दौरान मृतक की जेब से 4,500 रुपये नकद बरामद हुए। बाद में उसकी पहचान 48-50 वर्षीय महेंद्र चौहान, जो आल सेंट्स स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे, के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देने के बाद वे भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए बी.डी. पांडे अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी मनीष साह का शव नैनीझील से बरामद हुआ था। लगातार दूसरे दिन झील से शव मिलने की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पूर्व वर्षों में पर्यटन सीजन के दौरान नैनीझील में जल पुलिस की नियमित तैनाती रहती थी, जिससे ऐसी घटनाओं पर तत्काल निगरानी रखी जाती थी। इस बार जल पुलिस की नियमित मौजूदगी नहीं होने को लेकर भी लोग सवाल उठा रहे हैं और झील क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।


