ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल। विकासखंड रामगढ़ के अंतर्गत ग्राम सभा सुयालगाड़ की फलपट्टी तोक दडमोटा मोटर मार्ग पर आज पहली बार वाहन पहुंचने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।

आजादी के बाद पहली बार गांव तक सड़क मार्ग से वाहन पहुंचने पर ग्रामीणों ने इसे ऐतिहासिक पल बताते हुए खुशी व्यक्त की।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मोटर मार्ग के निर्माण और यातायात सुचारु कराने के लिए लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

इस संघर्ष में अटल सेना युवा मोर्चा रामगढ़, नैनीताल के अध्यक्ष सहित समस्त ग्रामवासियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्षों के अथक प्रयास और जनसहयोग के बाद आखिरकार गांव तक वाहन पहुंचने का सपना साकार हुआ।

ग्रामीणों ने इस उपलब्धि के लिए कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा, मंडल अध्यक्ष अंकित पांडेय, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज दानी, ग्राम प्रधान सुयालगाड़, सरपंच तथा सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग और प्रशासनिक प्रयासों से गांव की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकी।

ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही फल उत्पादकों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

ग्राम सभा सुयालगाड़ के लोगों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सभी सहयोगियों, जनप्रतिनिधियों और संघर्ष में शामिल प्रत्येक ग्रामीण का तहेदिल से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

यह भी पढ़ें :  मैत्री बैडमिंटन मुकाबले में टैक्स बार एसोसिएशन ने मारी बाजी, फाइनल में आयकर विभाग को दी शिकस्त

You missed

error: Content is protected !!