हल्द्वानी। हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन एवं आयकर विभाग के बीच मिनी स्टेडियम, हल्द्वानी में मैत्री बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दोनों पक्षों की कुल 12 टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पूरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला आयकर विभाग की ओर से एनएस जंगपांगी और टीएस पंचपाल तथा टैक्स बार एसोसिएशन की ओर से संजय पांडे और सूरज नेगी के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक और कड़ा रहा। खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी और दर्शकों को शानदार बैडमिंटन देखने को मिला।
अंततः टैक्स बार एसोसिएशन की टीम ने बेहतरीन तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के बाद एसोसिएशन के सदस्यों और खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल रहा।
प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन और आयकर विभाग के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करना भी रहा। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाया और खेल भावना का परिचय दिया।
इस अवसर पर हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश पांडे, सचिव महेंद्र सिंह बिष्ट, मीडिया इंचार्ज सुनील पाठक समेत एसोसिएशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने विजेता टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और कहा कि इस तरह के मैत्रीपूर्ण आयोजन भविष्य में भी जारी रहने चाहिए। ऐसे आयोजनों से कार्यक्षेत्र की व्यस्तता के बीच अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं को आपसी मेलजोल बढ़ाने और स्वस्थ वातावरण में साथ समय बिताने का अवसर मिलता है।



