ओखलकांडा। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत ईलाइजर से गरगड़ी-कालाआगर मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शिलान्यास कर किया।
लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़े इस मार्ग के कारण स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की मांग पर मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग से मार्ग का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन से 78 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य को मंजूरी मिली। शिलान्यास के साथ ही निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ हो गया।
इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और सड़क से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उनके समक्ष रखीं। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
शिलान्यास कार्यक्रम में ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

