मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद एसडीएम के नेतृत्व में कार्रवाई, धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने का प्रशासन का दावा
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के रानीबाग स्थित पवित्र चित्रशिला धाम के समीप बनी विवादित चौपाटी पर बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर क्षेत्र को सील कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया।
स्थानीय लोगों का आरोप था कि चित्रशिला धाम के पास कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में कब्जा कर चौपाटी संचालित की जा रही थी, जिससे धार्मिक आस्था आहत हो रही थी। लोगों का कहना था कि जिस मार्ग से अंतिम यात्रा और पार्थिव शरीर गुजरते हैं, उसी स्थान पर चाउमीन, मोमोज और अन्य खाद्य स्टॉल लगाए जा रहे थे, जो धार्मिक भावनाओं के विपरीत है। इस मुद्दे को लेकर लंबे समय से स्थानीय स्तर पर विरोध और नाराजगी बनी हुई थी।
मामला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि “आस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” इसके बाद एसडीएम नैनीताल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और विवादित चौपाटी को हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सील करते हुए स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इसे धार्मिक आस्था और जनभावनाओं की जीत बताते हुए प्रशासन और मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत किया।



