ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

खड़गे की हल्द्वानी रैली में जुटेंगे 20 हजार से अधिक लोग, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे यशपाल आर्य

रामलीला ग्राउंड में तेज हुई तैयारियां, बोले यशपाल आर्य—हल्द्वानी से बजेगा 2027 चुनाव का बिगुल

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की रैली को लेकर हल्द्वानी में बढ़ी हलचल, नेताओं ने संभाली कमान

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित जनसभा को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रैली को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने गुरुवार को हल्द्वानी के रामलीला ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने मंच व्यवस्था, बैठने की क्षमता, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि इस जनसभा में 20 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे और हल्द्वानी की धरती से ही उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस अपने चुनावी अभियान का शंखनाद करेगी।

यशपाल आर्य ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान है और बदलाव चाहती है। उनका कहना था कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश देकर उत्तराखंड में सरकार बनाने का अवसर देगी।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और पार्टी कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी का लक्ष्य इस जनसभा के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और जनसमर्थन का संदेश देना है।

यह भी पढ़ें :  आपदा प्रभावित गांवों का दौरा कर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुनी जनसमस्याएं, क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल लाइनों और नहरों के पुनर्निर्माण के दिए निर्देश
error: Content is protected !!