ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

BLO से ली सत्यापन कार्य की जानकारी, पारदर्शी व त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के दिए निर्देश

हल्द्वानी। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने हल्द्वानी तहसील के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर बूथों पर चल रहे मतदाता सत्यापन कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से सीधे संवाद कर घर-घर सत्यापन अभियान की स्थिति, प्राप्त प्रपत्रों की संख्या, शेष कार्य और स्थानीय लोगों के सहयोग की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में अवश्य शामिल किया जाए तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहने पाए।

दीपक रावत ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध अभिलेखों, प्रपत्रों और सत्यापन प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण करते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरी की जाए। जिन मतदाताओं के दस्तावेज अधूरे हैं, उन्हें समय रहते आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और रिकॉर्ड संधारण पर विशेष ध्यान देने को कहा।

आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य की गुणवत्ता और रिकॉर्ड व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है, इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ अभियान पूरा करने तथा प्रत्येक चरण की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी के मेडिकल स्टोर संचालक दो दिन से लापता; पत्नी बच्चों संग मंत्री के जनता दरबार पहुंची
error: Content is protected !!