हल्द्वानी/धारी। धारी ब्लॉक के बगडवार बैंड से वीरसिंग्या तक प्रस्तावित 5 किलोमीटर मोटरमार्ग के निर्माण की मांग को लेकर भीमताल विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा और युवा कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार ने सोमवार को पीएमजीएसवाई (प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना) के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज तक यह मोटरमार्ग नहीं बन पाया है। सड़क सुविधा के अभाव में प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर यह क्षेत्र विकास से वंचित है और युवाओं को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन समेत कई मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
मनोज शर्मा ने कहा कि पिछले 8 से 10 वर्षों से क्षेत्र के युवा और ग्रामीण धरना-प्रदर्शन तथा ज्ञापनों के माध्यम से सड़क निर्माण की मांग उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़क निर्माण के आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि करीब 5-6 माह पूर्व पीएमजीएसवाई द्वारा सड़क का सर्वे कराया गया था। सर्वे रिपोर्ट में सड़क की उपयोगिता और आवश्यकता को स्वीकार किया गया तथा इसकी डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी गई, लेकिन अब तक वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
मनोज शर्मा और प्रमोद कुमार ने कहा कि अब उन्होंने स्वयं इस सड़क निर्माण की जिम्मेदारी उठाई है और किसी भी कीमत पर मोटरमार्ग का निर्माण कराकर रहेंगे। उन्होंने शासन से तत्काल वित्तीय स्वीकृति जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। उनका कहना था कि सड़क निर्माण से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, इसके बावजूद परियोजना लंबित होना कई सवाल खड़े करता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्र के कई ग्रामीण और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।


