दूसरे संप्रदाय के युवक पर बिंदुखत्ता की युवती को परेशान करने को लेकर लालकुआं कोतवाली में प्रदर्शन
लालकुआं। निकटवर्ती बिंदुखत्ता क्षेत्र में एक युवक पर पड़ोसी दुकानदार की बेटी से अभद्रता और परेशान करने का आरोप लगने के बाद मामला तूल पकड़ गया। मंगलवार देर शाम हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने लालकुआं कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढलान चक्की क्षेत्र स्थित प्लंबर एवं इलेक्ट्रिशियन की दुकान में कार्यरत बाजपुर निवासी एक युवक पर आरोप है कि वह पास की दुकान संचालक की बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा है। आरोप है कि युवक युवती के मोबाइल पर आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
इस मामले को लेकर आक्रोशित कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता करीब दो घंटे तक कोतवाली परिसर में डटे रहे।
मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने तहरीर प्राप्त कर जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

