ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक अनुराग धनखड़ का निधन, फंदे से लटका मिला शव

अगरतला। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग धनखड़ का शव सोमवार को अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय में उनके कार्यालय कक्ष में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद उन्हें तत्काल अगरतला के गोविंद बल्लभ पंत (GBP) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आवश्यक औपचारिकताएं शुरू कीं।

प्रारंभिक स्तर पर मामले में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मुख्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्यालय परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री प्रो. (डॉ.) माणिक साहा भी तुरंत पुलिस मुख्यालय पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। इसके अलावा मुख्य सचिव जे.के. सिन्हा, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी भी जीबी अस्पताल पहुंचे।

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। अनुराग धनखड़ की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पूरे घटनाक्रम पर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की नजर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें :  पूर्व मुख्य सचिव के नटवरलाल बेटे ने फर्जी IPS बनकर की ठगी! पुलिस ने किया गिरफ्तार, 19.60 लाख की धोखाधड़ी का आरोप

You missed

error: Content is protected !!