ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

एक तरबूज ने उजाड़ दिया परिवार! पिता की मौत, बेटा वेंटिलेटर पर लड़ रहा जिंदगी की जंग

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। तरबूज खाने के बाद पिता और पुत्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान इंदर सिंह परिहार के रूप में हुई है, जबकि उनके पुत्र का नाम विनोद परिहार बताया गया है। दोनों आगर मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा क्षेत्र के निवासी थे और मजदूरी करने के लिए श्योपुर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने तरबूज खाया था, जिसके कुछ ही समय बाद उन्हें उल्टी, चक्कर और कमजोरी की शिकायत होने लगी।

हालत बिगड़ने पर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद इंदर सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कोटा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में खतौली गांव के पास उनकी मौत हो गई। वहीं पुत्र विनोद की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में वेंटिलेटर पर भर्ती है।

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि तरबूज में किसी प्रकार के केमिकल या जहरीले पदार्थ की मिलावट हो सकती है। हालांकि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।

डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लैब जांच आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

यह भी पढ़ें :  चोरों का तांडव: चार बड़े शोरूम खंगाले, 10 लाख की नगदी उड़ाई, CCTV में कैद हुए बदमाश
error: Content is protected !!