ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। पीलीकोठी बड़ी मुखानी में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में लोगों को बैंक की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग की उपयोगिता और साइबर ठगी से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान शाखा प्रबंधक संगीता गोले ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की प्रमुख खूबियों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को कम प्रीमियम में सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में आच्छादित होने का अनुरोध किया।

वित्तीय जागरूकता सलाहकार बी.डी. नैनवाल ने डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए इसके इस्तेमाल के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लोगों को ऑनलाइन लेनदेन करते समय ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।

उन्होंने साइबर ठगी के एक गंभीर रूप ‘म्यूल मनी’ (Mule Money) के संबंध में भी लोगों को आगाह किया। बताया गया कि साइबर ठग कई बार लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर-उधर भेजने के लिए करते हैं। इसके लिए लोगों को लालच देकर या अन्य तरीकों से अपने बैंक खाते का इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम, यूपीआई अथवा बैंकिंग संबंधी जानकारी का इस्तेमाल किसी दूसरे व्यक्ति के लिए नहीं करने देना चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों को डिजिटल बैंकिंग के फायदे बताते हुए सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और अनजान कॉल या संदेशों के माध्यम से मांगी गई बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी वित्तीय एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

इस अवसर पर सृष्टि सिंह, दीपक कुमार, सुनीता देवी, कमला पंत, भगवती देवी, गरिमा पाठक, रेनू बिष्ट और नीलम सहित बड़ी संख्या में ग्राहक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग और सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम बोर्ड की बैठक सम्पन्न, 15 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

You missed

error: Content is protected !!