ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार करना एक युवक को भारी,नाराज प्रेमिका ने  कोतवाली गेट पर ही युवक की चप्पलों से की जमकर पिटाई

बाजपुर। वर्षों पुराने प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार करना एक युवक को भारी पड़ गया। नाराज प्रेमिका ने शनिवार को बाजपुर कोतवाली गेट पर ही युवक की चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। अचानक हुई इस घटना से कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर युवक को युवती के चंगुल से छुड़ाया। घटना के दौरान कोतवाली गेट पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिन्हें पुलिस ने हटाकर स्थिति को सामान्य कराया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी बरेली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का कई वर्षों से बाजपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ प्रेम संबंध था। युवक रिश्ते में युवती की बहन का देवर बताया जा रहा है। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की बात भी लगभग तय हो चुकी थी, लेकिन बाद में युवक ने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। युवक के इस फैसले से युवती और उसके परिजन नाराज हो गए।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को युवती युवक के घर भी पहुंची थी, जिसके बाद मामला बाजपुर कोतवाली तक पहुंच गया। दोनों पक्षों को समझौते के लिए शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे कोतवाली बुलाया गया था। इसी दौरान जैसे ही युवती की नजर युवक पर पड़ी, वह अपना आपा खो बैठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने पहले युवक को खरी-खोटी सुनाई और फिर पैर से चप्पल निकालकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन युवती लगातार उस पर चप्पलों से वार करती रही। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए।

हालांकि, पुलिस ने तुरंत बीच-बचाव करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और दोनों पक्षों को अलग किया। घटना के दौरान कोतवाली गेट पर तमाशबीनों की भीड़ लग गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने लोगों को मौके से हटाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले के समाधान का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत हल्द्वानी में तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप शुरू, युवाओं को उद्यमिता के लिए किया जा रहा प्रेरित
error: Content is protected !!