हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शनिवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित जनता मिलन (जनसुनवाई) कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई। जनसुनवाई में भूमि विवाद, धोखाधड़ी, अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, जाति प्रमाण पत्र, बैंकिंग समस्याएं और रोजगार से जुड़े मामलों सहित कई शिकायतें सामने आईं।
जनसुनवाई के दौरान हल्द्वानी निवासी गुरुवचन कौर ने बिजनेस पार्टनरशिप में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। इस पर आयुक्त ने संबंधित कंपनी से लिखित जानकारी, बैंक स्टेटमेंट और लाभ का विवरण उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार देय धनराशि लौटाने के निर्देश दिए।
मोटाहल्दू निवासी कमला देवी द्वारा पड़ोसी पर खेत का ढलान बदलकर जलभराव करने और मकान को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया। इस मामले का मौके पर ही दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर निस्तारण कराया गया।
रामनगर निवासी प्रियांशु मनराल और मंगोली निवासी शंकर सिंह के संपत्ति एवं धनराशि वापसी से जुड़े मामलों में तहसीलदार को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, कंदला निवासी बलजीत सिंह के सामान्य जाति प्रमाण पत्र के प्रकरण में तहसीलदार रामनगर को तत्काल प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
अंजू भारती की धोखाधड़ी संबंधी शिकायत पर लेखपाल को त्वरित जांच के निर्देश दिए गए, जबकि फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी गोपाल राम की बैंक संबंधी शिकायत पर बैंक प्रबंधक को मौके पर बुलाकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए।
कालाढूंगी के हिमांशु पलड़िया और अन्य लोगों ने सीलिंग भूमि की बिक्री का मामला उठाया। इस पर आयुक्त ने संबंधित भूमि विक्रेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की सलाह देते हुए अपर जिलाधिकारी को सीलिंग भूमि से जुड़े लंबित मामलों की नियमित सुनवाई और आवश्यकतानुसार स्थगन (स्टे) की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दहेज और सामान वापसी के मामले में सीमा रौतेला को न्यायालयी प्रक्रिया के मद्देनजर सामान का वीडियो रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। वहीं रश्मि पवार की शिकायत पर महेश ऐरी को बाजार मूल्य के अनुसार धनराशि लौटाने के निर्देश दिए गए।
हल्दुचौड़ निवासी नीतू पांडे के रोजगार संबंधी मामले में आयुक्त ने अगले जनता दरबार में दुग्ध संघ लालकुआं के महाप्रबंधक को तलब करने का आश्वासन दिया।
किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी द्वारा ग्रामीण सीसी मार्ग निर्माण की मांग पर मंडी समिति हल्द्वानी को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालवाड़ी में आठ वर्षों से संविदा पर कार्यरत महिला कर्मचारी को हटाए जाने के मामले में, जो न्यायालय में विचाराधीन है, आयुक्त ने अंतिम निर्णय तक संबंधित कर्मचारी को कार्य पर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।


