ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी-काठगोदाम। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित महापौर कार्यालय में महापौर गजराज सिंह बिष्ट द्वारा उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं नैनीताल जनपद के प्रभारी मंत्री खजान दास का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर पार्षदगण, नगर निगम अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान महापौर ने नगर के विकास एवं जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखे। इनमें वार्ड संख्या 27 और 14 में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण, वार्ड 36 स्थित अंबेडकर पार्क की बिल्डिंग के प्रथम तल पर अत्याधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण तथा पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए 100 क्षमता वाले आधुनिक छात्रावास का निर्माण शामिल रहा।

मंत्री खजान दास ने प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करते हुए छात्रावास निर्माण को अत्यंत आवश्यक और सराहनीय पहल बताया। उन्होंने इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति देते हुए शीघ्र शिलान्यास कराने का आश्वासन दिया, जिससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों की छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा मिल सके।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। छात्रावास निर्माण छात्राओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने अन्य प्रस्तावों को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर के संतुलित विकास के लिए सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सामुदायिक केंद्रों और ऑडिटोरियम के निर्माण से सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम का माहौल सकारात्मक और विकासोन्मुख रहा। अंत में महापौर ने मंत्री खजान दास का आभार व्यक्त करते हुए नगर के विकास में उनके सहयोग और मार्गदर्शन की सराहना की।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : गहरी खाई में गिरी पिकअप, चालक गंभीर घायल
error: Content is protected !!