हल्द्वानी में 2 मई को लगेगा निशुल्क जन आरोग्य महाकुंभ, मैक्स दिल्ली के विशेषज्ञ देंगे सेवाएं
हल्द्वानी। यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में 2 मई 2026 को निशुल्क “जन आरोग्य महाकुंभ 2026” का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन मनोज पाठक के तत्वाधान में किया जा रहा है, जिसमें दिल्ली के मैक्स अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
इस स्वास्थ्य शिविर में हृदय रोग, कैंसर, स्त्री रोग, हड्डी रोग सहित विभिन्न बीमारियों की निशुल्क जांच एवं परामर्श दिया जाएगा। आयोजन को लेकर यूनिवर्सल कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित प्रेस वार्ता में मनोज पाठक और स्कूल के प्रबंधक सुशील जोशी ने जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह हल्द्वानी में इस प्रकार की पहली पहल है, जिसमें आम जनता को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए स्कूल की बसें 30 किलोमीटर तक के क्षेत्र से मरीजों को लाने और ले जाने का कार्य करेंगी, जिसके लिए प्रशासन से अनुमति भी प्राप्त कर ली गई है।
यह शिविर सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगा। आयोजकों ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाने की अपील की है।

