ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने कंट्रोल रूम से संभाली कमान, कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने त्वरित रिस्पॉन्स की सराहना की

नैनीताल। रविवार को नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर रूसी बाईपास बल्दियाखान के पास एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। घटना की सूचना 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से मिलते ही नैनीताल पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम महज 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई और तेजी से कार्रवाई करते हुए लगभग आधे घंटे के भीतर मार्ग को वन-वे यातायात के लिए खोल दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल ने स्वयं पुलिस कंट्रोल रूम से पूरे ऑपरेशन की कमान संभाली। उन्होंने पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और आपदा कंट्रोल रूम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की।

सूचना के तुरंत बाद कोतवाली तल्लीताल पुलिस, फायर सर्विस मल्लीताल, एसडीआरएफ तथा फाइटर मल्लीताल की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। संयुक्त टीमों ने युद्धस्तर पर पेड़ हटाने और यातायात बहाल करने का अभियान चलाया। उनकी त्वरित कार्रवाई के चलते सड़क को जल्द ही वन-वे यातायात के लिए सुरक्षित रूप से खोल दिया गया, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली।

कोतवाली तल्लीताल की मोबाइल टीम ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि मार्ग सफलतापूर्वक वन-वे यातायात के लिए खोल दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने सराहना करते हुए कंट्रोल रूम, कोतवाली तल्लीताल पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ टीमों के उत्कृष्ट रिस्पॉन्स टाइम तथा समन्वय की प्रशंसा की।

नैनीताल पुलिस ने कहा है कि आपदा अथवा किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस 24×7 पूरी तरह तत्पर है।

यह भी पढ़ें :  बिड़ला विद्या मंदिर ने लेक्स इंटरनेशनल स्कूल को 1-0 से हराकर हासिल किया तीसरा स्थान, नमो के गोल ने दिलाई जीत

You missed

error: Content is protected !!