हल्द्वानी। नगर निगम क्षेत्र में मानसून की पहली ही बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी।
कई इलाकों में जलभराव, कीचड़, टूटी सड़कों और उफनती नालियों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जगह-जगह गंदा पानी सड़कों पर बहता रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम समय रहते नालियों की समुचित सफाई और आंतरिक सड़कों की मरम्मत नहीं करा पाया।
नतीजतन पहली ही बारिश में कई कॉलोनियों और मोहल्लों में हालात बिगड़ गए। जलभराव और गंदगी के कारण लोगों में नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।
वहीं, नगर निगम के मेयर ने शहर की मौजूदा स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हल्द्वानी में इस समय कई बड़ी विकास परियोजनाएं एक साथ चल रही हैं।
उन्होंने बताया कि जल संस्थान द्वारा सीवरेज पाइपलाइन बिछाने, पेयजल लाइनें डालने तथा 33 केवीए बिजली लाइन को भूमिगत किए जाने के कारण शहर के अधिकांश मार्ग खुदे हुए हैं। इसी वजह से बारिश के दौरान लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मेयर ने कहा कि नागरिकों को इस मानसून थोड़ा धैर्य रखना होगा। उनका दावा है कि शहर में चल रहे विकास कार्य अगले वर्ष की बरसात से पहले पूरे कर लिए जाएंगे, जिसके बाद शहर की करीब 99 प्रतिशत समस्याओं का स्थायी समाधान हो जाएगा।
उन्होंने लोगों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि विकास कार्य पूर्ण होने के बाद हल्द्वानी की सड़कें, जल निकासी और मूलभूत सुविधाएं पहले से कहीं बेहतर होंगी।


