ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड के मैदानी जिलों में पारा 41 पार, अभी एक सप्ताह तक राहत के आसार नही

उत्तराखंड में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के मैदानी इलाकों में तापमान लगातार नए आंकड़े छू रहा है। बुधवार को देहरादून के मोहकमपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंतनगर में पारा 40.5 डिग्री रहा।

वहीं हल्द्वानी का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी तापमान 41 डिग्री या उससे अधिक रहने की संभावना जताते हुए लू चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और उत्तरकाशी के सीमावर्ती क्षेत्रों में लू का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। बुधवार को मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और टिहरी में 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है।

भीषण गर्मी को देखते हुए देहरादून प्रशासन ने आपदा परिचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में ओआरएस, आईवी फ्लूड्स और जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है।

मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

देहरादून में गुरुवार को तापमान 41 डिग्री, शुक्रवार और शनिवार को 40 डिग्री तथा 24 और 25 मई को फिर से 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। 26 मई को भी पारा 40 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।

यह भी पढ़ें :  देहरादून में महिला अधिवक्ता के उत्पीड़न का मामला, केशव थलवाल पर मुकदमा दर्ज
error: Content is protected !!