नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर बड़ा हादसा टला, पर्यटकों से भरी टवेरा गहरी खाई में गिरी; SDRF, पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाईं सातों जानें
नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ज्यूलिकोट स्थित एक नंबर बैंड के पास पर्यटकों से भरी एक टवेरा टैक्सी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, ज्यूलिकोट पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए और सभी सात पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार टवेरा टैक्सी कार (संख्या UK04 TA 3876) नैनीताल से सात पर्यटकों को लेकर हल्द्वानी की ओर जा रही थी। ज्यूलिकोट के एक नंबर बैंड के पास अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम एसआई मनोज रावत के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। ज्यूलिकोट पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
एसआई मनोज रावत ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने छह यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक यात्री वाहन के अंदर फंसा हुआ था। विषम परिस्थितियों के बावजूद टीम ने सावधानीपूर्वक उसे भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होने से दुर्घटना हुई है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
इस सफल रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ, ज्यूलिकोट पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और सातों पर्यटकों की जान बचाई जा सकी।


