ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से शिष्टाचार भेंट कर उनका पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।

मुलाकात के दौरान कूटा पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों और नैनीताल की जनसुविधाओं से संबंधित समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि विश्वविद्यालय में विनियमितीकरण की कट-ऑफ तिथि वर्ष 2026 तक बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक शिक्षकों को इसका लाभ मिल सके। इसके साथ ही संविदा प्राध्यापकों का न्यूनतम वेतन ₹57,700 निर्धारित किए जाने की भी मांग रखी गई।

कूटा ने नैनीताल नगर की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में भूस्खलन से प्रभावित सात नंबर क्षेत्र की सड़क तथा सिलवटन होटल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कराने का आग्रह किया गया, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, विधायक सरिता आर्य, मनोज जोशी, मोहित लाल साह, अरविंद पड़ियार, हरीश राणा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर पहाड़ी बनी जानलेवा, पत्थरों की चपेट में आकर कार क्षतिग्रस्त, चालक ने कूदकर बचाई जान

You missed

error: Content is protected !!