रामगढ़/भवाली। सेवा, सुशासन एवं समर्पण–सेवा पखवाड़ा के तहत सोमवार को विकासखंड रामगढ़ के रामलीला मैदान, गोमतीगैर (सूपी) में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ 358 पात्र लाभार्थियों को प्रदान किया गया, जबकि प्राप्त 27 शिकायतों में से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विभाग ने भी लाभार्थियों को मुफ्त औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने दो पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। कृषि विभाग ने किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा का उद्देश्य आमजन तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण कर रहे हैं, जिससे जनता को बड़ी राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार जनहित और पारदर्शिता के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है तथा अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर उसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में ज्येष्ठ उप प्रमुख पूनम मेहता, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, जिला बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, खंड विकास अधिकारी शिवम अग्रवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



