नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले-2026 के सफल और सुचारू आयोजन को लेकर नैनीताल पुलिस ने 13 जून से 16 जून तक विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है।
लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विभिन्न जिलों और राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए विशेष पार्किंग, शटल सेवा और डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली, एनसीआर, हरिद्वार, देहरादून, रामपुर, बरेली और अन्य मैदानी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को सीधे कैंची धाम नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें काठगोदाम, गोलापार, भीमताल, भवाली और खैरना स्थित निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पार्क कराया जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।
13 जून सुबह 6 बजे से 16 जून रात 11 बजे तक भारी माल वाहनों के आवागमन पर व्यापक प्रतिबंध रहेगा। आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को भी सीमित समयावधि में ही संचालन की अनुमति दी गई है। अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
14 जून सुबह 8 बजे से 16 जून शाम 4 बजे तक कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी बाइक और सभी दुपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं छोटे वाहनों को भी निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोककर शटल सेवा से भेजा जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए सैनिटोरियम भवाली, विकास भवन भीमताल, खैरना, काठगोदाम रेलवे स्टेशन, हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन और प्रस्तावित आईएसबीटी गौलापार सहित 10 प्रमुख स्थानों से शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी।
इसके अलावा नैनीताल, भवाली, भीमताल, खुटानी, रामगढ़, मुक्तेश्वर, क्वारब, खैरना और हल्द्वानी क्षेत्र में कुल 35 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां यातायात पुलिस वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित करेगी।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम जनता से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान का अवलोकन कर निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। इससे कैंची धाम मेले के दौरान सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सकेगी।


