ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नवविवाहिता मायके और ससुराल दोनों जगहों से लाखों रुपये के जेवरात लेकर अपने प्रेमी के साथ फरार

चंपावत। शादी के महज चार दिन बाद एक नवविवाहिता के अपने प्रेमी संग फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि नवविवाहिता मायके और ससुराल दोनों जगहों से लाखों रुपये के जेवरात लेकर अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। पुलिस ने बाद में दिल्ली से दोनों को बरामद कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पाटी क्षेत्र की एक युवती का विवाह बीती 5 मई 2026 को बाराकोट ब्लॉक के एक युवक के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ था। शादी समारोह में दोनों परिवारों के रिश्तेदार और मेहमान बड़ी संख्या में शामिल हुए थे तथा नवदंपति को आशीर्वाद के साथ कई कीमती उपहार भी दिए गए थे।

शादी के बाद नवविवाहिता अपने पति के साथ दुर्गुण कार्यक्रम के लिए मायके जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसने अपनी एक सहेली से मिलने की बात कही और कुछ देर में लौटने का कहकर चली गई। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो पति ने उसे फोन किया, लेकिन तब तक उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो चुका था।

कुछ देर बाद नवविवाहिता ने स्वयं अपने पति को फोन कर बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ चली गई है। यह सुनते ही पति और उसके परिजनों के होश उड़ गए। मामले की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।

इसके बाद ससुराल पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर नवविवाहिता की गुमशुदगी दर्ज की गई। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से तलाश शुरू की। जांच के दौरान नवविवाहिता और उसके प्रेमी की लोकेशन दिल्ली में मिली, जहां से पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नवविवाहिता मायके और ससुराल दोनों जगहों से लाखों रुपये के जेवरात साथ लेकर गई थी। पुलिस ने अधिकांश जेवर भी बरामद कर लिए हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद नवविवाहिता के पति ने उसे अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में आशा वर्कर्स का प्रदर्शन, मानदेय और कर्मचारी दर्जे की उठी मांग

You missed

error: Content is protected !!