हल्द्वानी। रोडवेज बस अड्डे के पास गुरुवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस युवक को उपचार के लिए बेस अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
सीओ अमित सैनी ने बताया कि गुरुवार सुबह सूचना मिली थी कि कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डे के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस को युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान 35 वर्षीय वीरेंद्र सिंह निवासी नथुवाखान, सुयालगाड़ जिला नैनीताल के रूप में हुई। जांच में पता चला कि वीरेंद्र सिंह अंबाला के एक होटल में काम करता था और अपने घर लौट रहा था।
रोडवेज कर्मियों से पूछताछ में जानकारी मिली कि युवक बुधवार रात से बस अड्डे के आसपास घूम रहा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

