ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे उत्तराखण्ड) द्वारा प्रदेशभर में पत्रकारों को संगठित करने और उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘संवाद-संपर्क-समन्वय’ अभियान के तहत कुमाऊँ मंडल के विभिन्न जनपदों में सघन जनसंपर्क किया गया।

यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत और उधमसिंह नगर के विभिन्न कस्बों में पत्रकारों के साथ बैठकें कर पत्रकारों की जमीनी समस्याओं, सुरक्षा और पत्रकार उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी के नेतृत्व में अल्मोड़ा के धौलछीना, पिथौरागढ़ के गणाई गंगोली, थल, डीडीहाट, चंपावत, खटीमा और सितारगंज में पत्रकारों से संवाद किया गया। इस दौरान संगठन के संरक्षक त्रिलोक चन्द्र भट्ट ने राज्य सरकार द्वारा संचालित पत्रकार कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र पत्रकारों को इनका लाभ दिलाने में यूनियन के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान

अभियान के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। धौलछीना में दरवान सिंह रावत, देवेन्द्र सिंह बिष्ट, गोपादत्त गुरूरानी, गणाई गंगोली में कुंदन सिंह मेहता, थल में अर्जुन सिंह रावत, डीडीहाट में संजु पंत व विजय मेहता, पिथौरागढ़ में प्रदीप सकरियाल तथा चंपावत में चन्द्रशेखर जोशी, गिरीश सिंह बिष्ट व पंकज पाठक को माल्यार्पण व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

मानवीय संवेदना और एकजुटता का संदेश

खटीमा दौरे के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने अस्वस्थ पत्रकार केदार सोनकर का हालचाल जाना और उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने की प्रतिबद्धता जताई। खटीमा और सितारगंज में आयोजित बैठकों में बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति रही।

प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी ने कहा कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य राज्य के अंतिम छोर पर कार्यरत पत्रकार की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करना है। इस अभियान में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद कुमार और चन्द्रपाल सिंह चंद भी शामिल रहे।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : गुलदार हमले और हत्याकांड पर SSP की संवेदनशील पहल; पीड़ित परिवारों से मिले SSP मंजुनाथ टीसी — न्याय और सुरक्षा का आश्वासन
error: Content is protected !!