ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे युवक, हादसे के बाद स्कॉर्पियो के पहिए तक निकल गए; दो लोग हिरासत में, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के पहिए तक निकल गए और चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें तीन युवकों ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, जबकि चौथे युवक की इलाज के दौरान आईसीयू में मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे तीनपानी फ्लाईओवर पर दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर 17 वर्षीय राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, 25 वर्षीय शिवम पुत्र बाबूराम निवासी गोरापड़ाव, 20 वर्षीय अंशु आर्य पुत्र पंकज आर्य निवासी बेरीपड़ाव तथा 18 वर्षीय आदित्य टम्टा निवासी गोरापड़ाव गंभीर हालत में पड़े मिले। घटनास्थल पर उनकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों युवक अपनी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान लालकुआं की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि युवकों को कई मीटर दूर तक घसीट दिया गया और वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घायलों को तत्काल एंबुलेंस से डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राहुल राजपूत, शिवम और अंशु आर्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आदित्य टम्टा को आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन देर रात करीब एक बजे उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। अपनों को खोने का दर्द देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हादसे के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और यह भी जांच की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।

फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों के बढ़ते खतरे और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल :10 जुलाई 2026
error: Content is protected !!