ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। रोज की तरह रात में टहलने निकले पति-पत्नी को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है

रुद्रपुर। शहर में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रोज की तरह रात में टहलने निकले पति-पत्नी को रिंग रोड पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के साईं विहार (धर्मपुर) निवासी संतोष यादव (46) अपनी पत्नी सुनीता यादव (40) के साथ सोमवार रात रिंग रोड पर टहलने निकले थे। बताया जा रहा है कि दोनों सड़क किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष यादव और सुनीता यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को रुद्रपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है।

नेस्ले कंपनी में कार्यरत थे दंपती

बताया गया है कि संतोष यादव और उनकी पत्नी सुनीता यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर-कुशीनगर क्षेत्र के रहने वाले थे। दोनों रुद्रपुर में रहकर नेस्ले कंपनी में कार्यरत थे। रोजमर्रा की तरह सोमवार रात भी दोनों टहलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनकी आखिरी सैर साबित होगी।

दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

इस हादसे ने दंपती के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। संतोष और सुनीता अपने पीछे 17 वर्षीय बेटी और 13 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। एक ही हादसे में माता-पिता दोनों की मौत से दोनों बच्चे बेसहारा हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब रिंग रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द वाहन चालक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  शिक्षा सुविधाओं के विकास को लेकर संसद में गूंजा उत्तराखंड का मुद्दा, सांसद अजय भट्ट ने मांगा खर्च और योजनाओं का ब्यौरा

You missed

error: Content is protected !!