ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

चम्पावत। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बनलेख के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चम्पावत से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना मंगलवार 11 अगस्त को दोपहर करीब 3:05 बजे तहसील चम्पावत क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बनलेख के पास हुई। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को करीब 3:09 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। बताया गया कि UK-05-TA-5045 नंबर की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव अभियान में सक्रिय सहयोग किया। कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे घायलों को बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय चम्पावत पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने नरेन्द्र राम (32 वर्ष), पुत्र हेम राम, निवासी ग्राम बांस महतोली, चंडाक, जिला पिथौरागढ़ को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में हरी राम (60 वर्ष), पुत्र दानी राम, रोहित कुमार (26 वर्ष), पुत्र जगदीश राम और जमन राम (63 वर्ष), पुत्र लक्ष्मण राम, सभी निवासी ग्राम बांस महतोली, चंडाक, पिथौरागढ़, घायल हुए हैं। रोहित कुमार वाहन चालक बताया गया है।

घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय चम्पावत में भर्ती कराया गया। हरी राम के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया है। वहीं अन्य दो घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

डीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया रेस्क्यू का जायजा

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से दुर्घटना तथा रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को घायलों को तत्काल और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा दुर्घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कठिन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव अभियान में जुटी टीमों की तत्परता की सराहना की और रेस्क्यू में शामिल सभी कार्मिकों एवं स्थानीय ग्रामीणों के प्रयासों की प्रशंसा की।

ग्रामीणों ने भी निभाई अहम भूमिका

रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राम सिंह धोनी, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, किशोर सिंह और अमित मिश्रा, होमगार्ड दीपक, कमल कुमार और नीरज सिंह सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के कार्मिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्थानीय ग्रामीणों नीलाधर भट्ट, मोहन भट्ट, भुवन जोशी, पूर्णनंद जोशी, मोहन चन्द्र जोशी, सूरज जोशी, मोहित जोशी, नवीन भट्ट, जोगा दत्त भट्ट (धौन), हिमांशु जोशी, राजेन्द्र सिंह, रमेश अधिकारी, मनोज जोशी और बलदेव भट्ट आदि ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।

वहीं रुक्मिणी जोशी और जानकी देवी समेत स्थानीय महिलाओं ने झाड़ियों को काटकर खाई तक पहुंचने और आने-जाने लायक रास्ता बनाने में मदद की। प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों के इस सहयोग की सराहना की।

मौके पर एसडीएम बीसी पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल समेत एसडीआरएफ और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से दुर्घटना की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घायलों के उपचार और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

फिलहाल हादसे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें :  धामी सरकार ने 48 महिलाओं को दिया तीलू रौतेली व आंगनबाड़ी कार्यकर्ती अवॉर्ड, सम्मान राशि में की भारी बढ़ोतरी

You missed

error: Content is protected !!