भीमताल/ओखलकांडा। विकासखंड ओखलकांडा के ग्राम ओखलकांडा मल्ला के पास हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना में ग्राम मनाघेर निवासी कमल जोशी की मौके पर मौत के मामले में मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग तेज हो गई है।
राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व दर्जा मंत्री हरीश पनेरू ने ग्रामवासियों के साथ 11 अगस्त 2026 को मुख्य कृषि अधिकारी, नैनीताल के कार्यालय पहुंचकर इस संबंध में लिखित पत्र सौंपा।
बताया गया कि तारबाड़ योजना के तहत ग्राम ओखलकांडा मल्ला में आपूर्ति के लिए सामान ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसमें कमल जोशी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और नाराजगी है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने कहा कि दुर्घटना में एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया है। ऐसे में शासन-प्रशासन को मामले की गंभीरता को देखते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए और मृतक के परिजनों को नियमानुसार शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य कृषि अधिकारी, नैनीताल ने हरीश पनेरू एवं ग्रामवासियों द्वारा दिए गए पत्र को संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया है। पत्र में संबंधित अधिकारियों से मृतक परिवार के प्रति सहानुभूति रखते हुए अपने स्तर से जल्द से जल्द यथासंभव आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पत्र की प्रतिलिपि मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल, जिलाधिकारी नैनीताल और कृषि निदेशक उत्तराखंड को भी सूचनार्थ भेजी गई है। इससे मामले में प्रशासनिक स्तर पर संज्ञान लिए जाने की उम्मीद बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क दुर्घटना में कमल जोशी की मौत से परिवार पर गंभीर संकट आ गया है। ऐसे में शासन की ओर से उचित मुआवजा मिलने से पीड़ित परिवार को आर्थिक राहत मिल सकेगी। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।



