नैनीताल रोड स्थित डिग्री कॉलेज के पास हादसा, वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू
हल्द्वानी । सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा नैनीताल रोड स्थित डिग्री कॉलेज के पास उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि व्यक्ति को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और बोलेरो का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों तथा गुमशुदगी के रिकॉर्ड के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हादसे के चलते नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जल्द ही सुचारु कर दिया गया। पुलिस ने हादसे में शामिल बोलेरो वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान होने के बाद आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


