ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल में रहस्यमयी पत्थरबाजी से लोग परेशान, पुलिस ने बनाई नई रणनीति

माल रोड पर शाम होते ही बरसते हैं पत्थर, महीनों बाद भी नहीं मिला पत्थरबाज

रिपोर्टर : गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल के माल रोड स्थित जिला पंचायत कार्यालय के आसपास का क्षेत्र पिछले लंबे समय से रहस्यमयी पत्थरबाजी की घटनाओं से दहशत में है। प्रतिदिन शाम ढलते ही अज्ञात लोगों द्वारा घरों और राहगीरों पर पत्थर फेंके जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। हैरानी की बात यह है कि कई बार शिकायत और पुलिस की जांच के बावजूद अब तक पत्थर फेंकने वालों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार पुलिस से शिकायत की गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन पत्थरबाज पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इस दौरान दो-तीन लोगों को पत्थर लगने से चोटें भी आई हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रवासियों ने आयुक्त दीपक रावत को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। आयुक्त के निर्देश पर बीती रात पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र और कोतवाल हरनाम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का विस्तृत सर्वे किया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से बातचीत की तथा घटनाओं की पूरी जानकारी ली।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्षेत्र में थर्मल कैमरे, सीसीटीवी कैमरे और हाईमास्ट एलईडी लाइटें लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अलावा, पत्थरबाजों के छिपने की आशंका वाले स्थानों की झाड़ियों की कटाई भी कराई जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी निगरानी बढ़ाने के साथ क्षेत्र में नियमित गश्त भी तेज की जाएगी।

प्रशासन और पुलिस को उम्मीद है कि इन उपायों के बाद रहस्यमयी पत्थरबाजी की घटनाओं पर रोक लगेगी और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकेगी।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : डिजिटल पुलिसिंग पर एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. का फोकस, साइबर अपराध में एफआईआर अनिवार्य; 29 पुलिसकर्मी सम्मानित
error: Content is protected !!