ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

सेवा पखवाड़े के तहत 13 शिविरों में 2500 से अधिक लोग लाभान्वित, बद्रीनाथ मंदिर चोरी मामले में दोषियों पर कठोर कार्रवाई का भरोसा

गोपेश्वर (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगवाना नहीं, बल्कि प्रशासन को उनके द्वार तक पहुंचाकर समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेशभर में छह लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की, जबकि 60 हजार से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। चमोली जनपद में अब तक 13 जनकल्याण शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 752 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से 683 का मौके पर समाधान किया गया और 2500 से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 155 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम, माणा, नीति सहित सीमांत क्षेत्रों में मास्टर प्लान के तहत तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, हेली एम्बुलेंस सेवा और पर्यटन विकास से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली में 42 हजार से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं, जिनमें 25 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। किसान सम्मान निधि के तहत 48 हजार से अधिक किसानों को 196 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। वहीं दीनदयाल होमस्टे योजना के अंतर्गत जिले में 872 नए होमस्टे स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू कर सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 3.75 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं, जिनमें एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर कार्य शुरू हो चुका है। इससे उत्तराखंड में पर्यटन, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बद्रीनाथ मंदिर चोरी प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें :  चमोली टनल हादसा: चौथे दिन भी दो मजदूर लापता, मलबे और पानी के बीच जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

You missed

error: Content is protected !!