नैनीताल में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के नगरपालिका सभागार में मंगलवार को विद्युत विभाग द्वारा नगर में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के प्रस्ताव को लेकर होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल, पालिका के 15 वार्डों के सभासदों एवं अन्य हितधारकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान स्मार्ट मीटर लगाने के मुद्दे पर तीखा विरोध देखने को मिला।
बैठक में मौजूद सभासदों और विभिन्न स्टेकहोल्डरों ने कहा कि विद्युत विभाग पहले से मौजूद उपभोक्ता समस्याओं का समय पर समाधान नहीं कर पा रहा है, ऐसे में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसी है। विरोध के बीच पालिका के कई सभासद बैठक का बहिष्कार करते हुए बीच में ही उठकर बाहर चले गए।
पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने कहा कि वह नगर के वार्डों के सभासदों और अन्य स्टेकहोल्डरों की भावना के साथ हैं तथा नगर में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने का समर्थन नहीं करती हैं।
बैठक के बाद सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि नगर के किसी भी वार्ड में लोगों की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए गए तो वे आम नागरिकों के साथ सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर नैनीताल में जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के बीच टकराव की स्थिति बनती दिखाई दे रही है।

